राज्यसभा में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी कि टिप्पणी का मूल पाठ
आदरणीय सभापति जी,
२ दिन से अत्यंत महत्वपूर्ण इस विधेयक पर विस्तार से चर्चा हो रही है। करीब १३२ माननीय सदस्यों ने दोनों सदन में मिलाकर के बहुत ही सार्थक चर्चा की है व भविष्य में भी इस चर्चा के एक-एक शब्द आने वाली हमारी यात्रा में हम सबको काम आने वाला है और इसलिए हर बात का अपना एक महत्व है, अपना एक मूल्य है। मैं सभी माननीय सांसदों ने अपनी बात के प्रारंभ में तो पहले ही कहा है कि, हम इसका समर्थन करते हैं और इसके लिए मैं सबका हृदय से अभिनंदन करता हूँ, हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ। ये जो स्पिरिट पैदा हुई है, ये स्पिरिट भारत देश के जन-जन में एक नया आत्मविश्वास पैदा करेगा और हम सभी माननीय सांसदों ने और सभी राजनीतिक दलों ने एक बहुत बड़ी अहम भूमिका निभाई है। नारी शक्ति को एक विशेष सम्मान, सिर्फ यह विधेयक पारित होने से मिल रहा है, ऐसा नहीं है। इस विधेयक के प्रति भारत देश के सभी राजनीतिक दलों की सकारात्मक सोच होना, ये हमारे देश की नारी शक्ति को एक नई ऊर्जा देने वाली है। ये एक नए विश्वास के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देने में नेतृत्व के साथ आगे आएगी, ये अपने आप में भी हमारे उज्ज्वल भविष्य की गारंटी बनने वाली है।
आदरणीय सभापति जी,
मैं इस सदन का ज्यादा समय नहीं लेता हूँ। मैं सिर्फ जो भावना आपने व्यक्त की है, उसके लिए आभार व्यक्त करता हूँ व जब मतदान होगा तो मेरा आप सबसे आग्रह है कि , ये उच्च सदन है, चर्चा भी उत्तम करने का प्रयास हुआ है और मतदान भी सर्वसम्मति से करके हम भारत देश को एक नया विश्वास दें। इसी अपेक्षा के साथ - साथ मैं फिर एक बार सबका हृदय से बहुत-बहुत धन्यवाद करता हूँ।
***
DS/ST/AVप्रविष्टि तिथि: 21 SEP 2023 by PIB Delhi(रिलीज़ आईडी: 1959526) आगंतुक पटल : 433
